सुल्तानपुर। खेल निदेशालय की ओर से स्थानीय पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें जूनियर बालक और बालिका वर्ग में बास्केटबॉल, कुश्ती, हैंडबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल प्रतियोगिता कराई गई।
क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह ने किया। दिनभर चली प्रतियोगिता में वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में डीवीए (डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल एसोसिएशन) की टीम ने मोहम्मद स्पोर्टिंग क्लब को तीन सेट के मुकाबले में 2-0 से हरा दिया।
हैंडबॉल बालक वर्ग में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला एमजीएस स्कूल और स्टेडियम के बीच हुआ। स्टेडियम की टीम ने यह मैच 12-10 से जीत लिया। हॉकी में फाइनल मुकाबला एमएसवी स्कूल और स्टेडियम के बीच हुआ। स्टेडियम की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की। बास्केटबॉल बालिका फाइनल में बेसिक की टीम ने करसा जयसिंहपुर की टीम को 8-4 से हराया।
कुश्ती बालक वर्ग 48 किलो भार वर्ग में गोलू निषाद प्रथम, दिव्यांश यादव द्वितीय, अनमोल तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा 51 किलो भार वर्ग में मोहम्मद अर्श प्रथम, अक्षांश पटेल द्वितीय, आदित्य निषाद को तृतीय स्थान मिला। 57 किलो भार वर्ग में काली प्रसाद मिश्रा प्रथम, अंकित कुमार द्वितीय, रियांशु जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे। 61 किलो भार वर्ग में शादाब खान प्रथम, अमित पाल द्वितीय व राहुल सिंह तृतीय स्थान प्राप्त किए। 70 किलो भार वर्ग में फैजान प्रथम, सौरभ कुमार द्वितीय, कमलेश दुबे तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता का संचालन प्रदीप यादव व मुनेंद्र मिश्र ने किया। निर्णायक इरशाद खान, जेपी तिवारी, राकेश सिंह, संदीप यादव, समरेंद्र सिंह, स्टेडियम कोच राम नरेश, प्रवीण मिश्रा, आशा, प्रदीप यादव, आनंद श्रीवास्तव, आसिफ राणा रहे। इस मौके पर खेल प्रवक्ता राजेश कनौजिया, सुरेश यादव, तारिक वसीम मौजूद रहे।