सुल्तानपुर। विकसित भारत संकल्प यात्रा के उपलक्ष्य में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के तत्वावधान में पंत स्टेडियम में चल रही दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। जूनियर बालिका वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता में डीवीए पिपरी ने पंत स्टेडियम को हराया। विजेताओं को सीडीओ अंकुर कौशिक ने पुरस्कृत किया।
बालिका वर्ग की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 36 से 38 किग्रा भारवर्ग में आंचल विजेता बनीं। 38 से 40 किग्रा भारवर्ग में नेहा, 40 से 42 किग्रा भारवर्ग में रिया, 42 से 44 किग्रा भारवर्ग में अर्चना, 44 से 46 किग्रा भारवर्ग में आयशा बानो, 46 से 48 किग्रा भारवर्ग में चंद्रिका ने जीत हासिल की। 48 से 50 किग्रा भारवर्ग में अर्णिमा, 50 से 52 में किग्रा भारवर्ग में शिमोन, 52 से 54 किग्रा भारवर्ग में जैनब व 54 से 57 किग्रा भार वर्ग में रीना गौड़ विजेता बनीं।
समापन कार्यक्रम में सीडीओ अंकुर कौशिक ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वेंदु सिंह चौहान ने बताया कि बालक वर्ग की वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता में 12 टीमें व बॉक्सिंग में 68 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
वहीं बालिका वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता में आठ टीमें व बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 52 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। निर्णायक सर्वेश सिंह, दिनेश तिवारी, प्रदीप यादव, जीशान, अनस, भानू, व सादाब रहे। इस अवसर पर राजेश कनौजिया, देवी सहाय पांडे व विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।