निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर प्रसाधन व पेयजल की अव्यवस्था पर भड़के डीआरएम ने तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। मौके पर पहुंचे लोगों ने डीआरएम के समक्ष नई ट्रेनों को चलाने के साथ ही पुरानी ट्रेनों का संचालन नियमित कराने की मांग उठाई।
डीआरएम एके लहोटी शनिवार को अमेठी व प्रतापगढ़ के निरीक्षण पर जाते समय सुबह करीब सवा दस बजे गौरीगंज स्टेशन पर उतर पड़े। डीआरएम को देख स्टेशन पर तैनात कर्मियों के होश उड़ गए। डीआरएम ने पाया कि जिला मुख्यालय का रेलवे स्टेशन होने के बावजूद यहां प्रसाधन व पेयजल की व्यवस्था बदहाल है।
पानी की जिस टंकी से प्लेटफार्म पर पेयजल की सप्लाई होती है उसकी जाली को कई जगह टूटा देख भड़के डीआरएम ने इसे जल्द दुरुस्त कराने को कहा। डीआरएम ने प्लेटफार्म के अपग्रेड हो रहे प्रसाधन का काम जल्द पूरा कर उसे जनता के लिए खोलने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
इस मौके पर सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ के चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने डीआरएम को ज्ञापन सौंप प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी सहित उन सभी ट्रेनों का संचालन नियमित कराने की मांग की जिन्हें हफ्ते में एक दिन बंद किया गया है। इस दौरान रेलवे स्टेशन के कार्यवाहक अधीक्षक राजेश कुमार और स्टेशन मास्टर पंकज सिंह ने डीआरएम को स्टेशन की व्यवस्था व अव्यवस्था से अवगत कराया।