जिले में बुधवार को मौसम में कई बार बदलाव आया। दिन भर बदली व धूप के बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहा। दोपहर के समय हुई बूंदाबांदी के बाद भी लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को आसमान में बदली रहने व कहीं-कहीं छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया है।
बृहस्पतिवार को सुबह के समय से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह धूप नहीं निकलने और आसमान में बादल छाए रहने से मौसम काफी सुहाना रहा। दोपहर बाद मौसम का रुख बदला और तेज धूप निकल आई।
तेज धूप होने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद मौसम ने एक बार फिर रुख बदला और आसमान में बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। थोड़ी देर बूंदाबांदी होने के बाद फिर उमस भरी गर्मी होने लगी। शाम तक आसमान में बादलों के घेरा डाले रखने के बाद भी बारिश नहीं हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह नागा ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।