कटघरा गांव स्थित घर में टोंटी से भरा जा रहा पानी। स्रोत- ग्रामीण
जयसिंहपुर। जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र के कटघरा गांव में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद अब गांव के 292 परिवारों को घर-घर टोंटी से स्वच्छ पेयजल मिलने लगा है।
कटघरा पेयजल योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 में गांव में पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कुछ अड़चनों के चलते काम रुक गया था। गत दिनों पेयजल संकट की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग सक्रिय हुआ।
कूरेभार विकास खंड के कटघरा गांव में निर्माण कार्य पूरा कर जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। गांव के रामकेश, ईश्वरदीन, सुमित्रा और कल्पना सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बीते वर्ष भीषण गर्मी के दौरान पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब घर पर ही साफ पानी मिलने से बड़ी राहत मिली है।
दो शिफ्ट में हो रही जलापूर्ति
जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता वकार हुसैन ने बताया कि योजना के तहत जलापूर्ति का ट्रायल सफल रहा है। सुबह सात से नौ बजे और शाम पांच से सात बजे तक दो शिफ्ट में पानी की सप्लाई की जा रही है। शिकायत मिलने पर तत्काल समाधान कराया जाएगा।