बल्दीराय। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर के रामपुर बबुआन के पास मंगलवार दोपहर मजदूरों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 150 लोग सवार थे। दुर्घटना में 38 लोग घायल हो गए। यूपीडा व पुलिस ने घायलों को कुमारगंज अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में 10 घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
बिहार के नवादा जिले के मुफस्सिल के नया गांव निवासी ठेकेदार नेवल कुमार मजदूरों को ईंट-भट्ठों पर काम के लिए भेजते हैं। मंगलवार को करीब 150 मजदूर डबल डेकर बस से बाराबंकी जिले के महमूदाबाद स्थित साकेत ब्रिक फील्ड जा रहे थे। भट्ठे पर काम करने के लिए मजदूर अपने परिवारों के साथ निकले थे। बच्चों और महिलाओं के अलावा मुर्गियां भी थीं।
बस दोपहर 03:30 बजे रामपुर बबुआन के पास पहुंची थी। तभी चालक को झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस पर सवार बिहार के नवादा जिले की जासो देवी (60), पिंकी (43), अरविंद (45), सोनम (06), बताश देवी (50), राज (15), मनोज (16), सोनाली (15), बाल्मीकि (30), बजरंगी (05), रुक्का (04), दुननी (45), राखी (08), शोभा (20), राजेश (23), चमेली (50), परमित (15), संजू देवी (35), संतोष (25), नेहा (05), पार्वती (30), विकास (05), बिंदिया (03), गौतम (02), हीरा (05), खुशबू (10), आशा (12), रोहित (12), सूरज (10), बब्बन (20), अंकुश (02), करीना (05), रीना (04), धीरज (15), बिग्गो (20), दगिया कुमार (15), सुबोध (20) और दिलीप (22) घायल हो गए।
बस के नीचे दबने से अरविंद (45) का एक हाथ कट गया, जबकि उनकी पत्नी पिंकी गंभीर रूप से घायल मिलीं। घायलों को कुमारगंज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से जासो देवी (60), पिंकी (43), बाल्मीकि (30), अरविंद (45), राज (15), सोनाली (15), बजरंगी (5), शोभा देवी (20), सोनम (06) और चमेली (50) को मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर किया गया। अन्य घायलों का कुमारगंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया । दुर्घटना में सकुशल बचे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अधिकारियों ने की यात्रियों की मदद
एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, सीओ आशुतोष कुमार, नायब तहसीलदार गुलाब सिंह ने यात्रियों के लिए बिस्किट, समोसा, पानी की बोतलें उपलब्ध कराई। यात्रियों से अधिकारियों ने जाने के स्थान के बारे में जानकारी ली। इसमें कुछ लोगों ने घर वापसी की बात कही।