सुल्तानपुर। दो पागल कुत्तों ने चार गांवों में 35 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। पागल कुत्तों के काटने से घायल हुए लोग शुक्रवार को सीएचसी पहुंच गए। एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए सीएचसी पीड़ितों से खचाखच भरी रही। पागल कुत्तों से बचने के लिए लोग लाठी-डंडा लेकर पहरा दे रहे हैं।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कुछमुछ, बरगदवा, बेलामोहन और अभियाखुर्द गांव में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दो पागल कुत्तों ने 35 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। कुछमुछ ग्राम पंचायत के माड़व का पुरवा गांव में शुक्रवार की सुबह पहुंचे एक पागल कुत्ते ने घर के सामने बैठे इसराइल की 40 वर्षीय पत्नी, सोहेल (20), मोइनुद्दीन की पत्नी को काट कर घायल कर दिया।
तकीवा पुरवा में पहुंचे पागल कुत्ते ने शांति (50) पत्नी राम मिलन, दस्सू (50) को भी काट लिया। अभियाखुर्द गांव में पागल कुत्तों ने राजू तिवारी (40), पप्पू पांडेय (45) को काट कर जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछमुछ, बरगदवा, बेलामोहन, अभियाखुर्द गांव में दो पागल कुत्तों ने 35 लोगों को काटा है।
शुक्रवार को सीएचसी भदैंया पर कुत्तों के काटने से जख्मी हुए पीड़ित एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे थे। शुक्रवार की देर शाम तक दोनों पागल कुत्तों का आतंक ग्रामीणों में बना रहा। लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया। बड़े लोग लाठी-डंडा लेकर गांव में पहरा दे रहे हैं।