सुल्तानपुर। टीपीनगर में निर्माणाधीन 13 करोड़ रुपये की लागत वाले दो मंजिला निरीक्षण भवन (गेस्ट हाउस) का काम जल्द दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पत्र का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जमीन संबंधी विवाद तत्काल सुलझाने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण भवन के एक हिस्से की पहली मंजिल की छत ढल चुकी है और दूसरे तल का काम चल रहा था। इसी बीच पयागीपुर निवासी दीपक मिश्रा ने इस भूमि को अपने परिवार की जमीन बताते हुए हाईकोर्ट (लखनऊ बेंच) में याचिका दायर कर दी। कोर्ट के आदेश पर फिलहाल निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है।
डीएम इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को मामले की समीक्षा की और अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवाद का निस्तारण कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्रा ने बताया कि विभाग ने इस समस्या की जानकारी मार्च में ही प्रशासन को दे दी थी।