सुल्तानपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते घोषित लॉकडाउन का बृहस्पतिवार को डीएम सी इंदुमती व एसपी शिवहरी मीणा ने जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय निरीक्षण भवन में समाजसेवियों की ओर से दिए गए राशन किट को 66 जरूरतमंदों को वितरित किया। कादीपुर नगर पंचायत स्थित कम्यूनिटी किचन का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बने भोजन को चखकर भोजन की गुणवत्ता की सराहना की।
सूरापुर बाजार में सुल्तानपुर-जौनपुर सीमा का निरीक्षण करते हुए सीमा पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रानीपुर कायस्थ गांव में कोटेदार अमित श्रीवास्तव से राशन वितरण संबंधी जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने विपणन विभाग की गोदाम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद विपणन निरीक्षक को कोटेदारों को तौलकर राशन देने व सार्वजनिक वितरण प्रणाली को नियमानुसार संचालित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर एसडीएम महेंद्र सिंह, सीओ सुरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम मौजूद रहे।