सुल्तानपुर। कोविड-19 संक्रमण के चलते बहुत से अभिभावक अपने बच्चों की स्कूल फीस नहीं जमा कर पाए हैं। ऐसे बच्चों को विद्यालय से रिपोर्ट कार्ड न मिलने की शिकायतें आ रही हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए जिलाधिकारी ने निजी विद्यालयों को शुल्क वृद्धि न करने व फीस के अभाव में छात्र का नाम न काटने का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते बहुत से लोग बेरोजगार हो गए। ऐसे लोग आर्थिक तंगी से उबर नहीं पाए हैं। वे अपने बच्चों के स्कूल की फीस समय से नहीं जमा कर पा रहे हैं। कई अभिभावकों ने शुल्क जमा न होने की वजह से बच्चों का रिपोर्ट कार्ड विद्यालय से न मिलने की शिकायत डीएम से की।
इस पर जिलाधिकारी ने निजी विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य को 2019-20 के अनुसार ही 2021-22 में फीस लेने का निर्देश दिया है। कुछ विद्यालयों की ओर से वृद्घि के साथ जमा कराई गई फीस को समायोजन आगामी सत्र में करने का डीएम ने निर्देश दिया है। इसके साथ ही शुल्क के अभाव में किसी छात्र का नाम न काटने का भी निर्देश दिया गया है।
कॉन्वेंट स्कूल को जारी हुई नोटिस
लॉकडाउन अवधि में ट्यूशन फीस के अलावा अन्य शुल्क लेने के मामले में स्टेला मारिस कॉन्वेंट स्कूल को जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोटिस जारी की है। डीआईओएस वीपी सिंह ने स्कूल को जारी नोटिस में कहा है कि संसाधनों का उपयोग किए बिना अपने बच्चों से अतिरिक्त फीस वसूली की शिकायतें अभिभावकों की ओर से की गई है। इसलिए संस्था को नोटिस जारी किया गया है।