सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए लगाई गईं सर्विलांस टीमों को सूचना नहीं देने वाले लाक्षणिक परिवारों की जानकारी अब संबंधित एसडीएम व सीओ को जुटानी होगी। डीएम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में निर्देश दिए हैं। सर्विलांस टीमों को बाजार, साप्ताहिक बाजार, मंडी, थाना, ब्लॉक व तहसील के भीड़भाड़ क्षेत्रों में लक्षण वाले व्यक्तियों का पता लगाने का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम सी. इंदुमती ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लक्षण वाले व्यक्तियों की तलाश में पांच हजार सर्विलांस टीमें लगाई गई हैं। सर्वे के दौरान जानकारी नहीं देने वालों की सूचना बनाकर सर्विलांस टीमों को इसकी सूचना एसडीएम व सीओ को देनी होगी। डीएम ने कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों के संपर्क में आए लोगों की तलाश करने का निर्देश देते हुए पॉजिटिव मरीजों को उनके स्वास्थ्य के हिसाब से अलग-अलग जगहों पर भर्ती कराने का निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिया।
इसके साथ ही पॉजिटिव पाए गए मरीजों की सूचना पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। इसकी जिम्मेदारी एमओआईसी व आईडीएसपी को स्टेट से समन्वय बनाने का सुझाव दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, एडीएम वित्त उमाकांत त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन हर्षदेव पांडेय, सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी मौजूद रहे।