मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में प्राप्त फॉर्मों की ऑनलाइन फीडिंग की प्रगति खराब होने पर डीएम ने जिम्मेदारों से जवाब तलब किया है। डीएम ने सभी को सात दिन में प्राप्त आवेदनों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग का काम पूरा करने का निर्देश दिया है।
आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को पत्र भेजने का अल्टीमेटम दिया गया है। राष्ट्रीय चुनाव आयोग के निर्देश पर इनदिनों विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चल रहा है।
डीएम ने बीते दिनों सभी को अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों की तत्काल ऑनलाइन फीडिंग करने का निर्देश दिया था। बावजूद इसके प्राप्त फीडिंग की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिला निर्वाचन अफसर/डीएम चंद्रकांत पांडेय ने सभी एसडीएम व तहसीलदार से जवाब-तलब किया है।
पत्र में डीएम ने सभी को लंबित समस्त आवेदनों को सात दिन में ऑनलाइन फीड करने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य चुनाव निर्वाचन अधिकारी को पत्र प्रेषित करने का अल्टीमेटम दिया है।