जिला अस्पताल व महिला अस्पताल के निरीक्षण में डीएम को परिसर में गंदगी एवं बेडों की चादर गंदी मिली। साथ ही चिकित्सक मरीजों को बाहर से दवाएं लिख रहे थे। शिकायत मिलते ही डीएम बिफर गए। डीएम ने सीएमएस को मरीजों को अस्पताल से दवा दिलाने एवं साफ-सफाई का निर्देश दिया।
शनिवार की सुबह डीएम एस. राजलिंगम अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने महिला व पुरुष अस्पताल परिसर व वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम को परिसर में गंदगी एवं मरीजों के बेडों की चादर गंदी मिली। एक मरीज ने दवा बाहर से लिखने की शिकायत भी की।
अव्यवस्था मिलने पर डीएम बिफर गए। डीएम ने सीएमएस को अस्पताल में साफ-सफाई रखने एवं अस्पताल से मरीजों को दवा दिलाने का निर्देश दिया। चिकित्सकों को मरीजों को बाहर से दवा नहीं लिखने का निर्देश दिया। डीएम ने आपदा वार्ड, डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण किया। उनके निरीक्षण में डेंगू वार्ड में एक मरीज मिला।