मेधावी पुरस्कार योजना के तहत अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से चयनित यूपी बोर्ड 2016 की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली इंटरमीडिएट एवं हाईस्कूल की एक छात्रा को सोमवार को पुरस्कृत किया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी हरेंद्रवीर सिंह ने वर्ष 2016 की इंटरमीडिएट की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक पाकर टॉप करने वाली साधना को अमर उजाला की ओर से उपलब्ध कराए गए पांच हजार रुपये के चेक को अपने हाथ से दिया।
वर्ष 2016 की यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 95.33 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में सर्वोच्च स्थान पाने वाली छात्रा दीपशिखा के पिता राम सहाय को भी डीएम ने पांच हजार रुपये का चेक दिया। चेक प्रदान करते हुए डीएम ने छात्रा को अच्छा अंक प्राप्त करने के लिए शाबाशी देते हुए हौसला अफजाई की।
डीएम के हाथों अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से दिया गया पुरस्कार पाकर छात्रा साधना व दीपशिखा के पिता रामसहाय की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दोनों अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुरू किए गए मेधावी पुरस्कार योजना की भी सराहना की। इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी आरबी सिंह भी मौजूद रहे।