शासन के आदेश को दरकिनार कर जिले में धान खरीद की तैयारी पूरी कर लेने के कागजी दावे की हकीकत बुधवार को खुलकर सामने आ गई। डीएम के निरीक्षण में अलीगंज स्थित पीसीएफ के धान क्रय केंद्र पर ताला लटकता मिला। इससे नाराज जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मामले में पीसीएफ के जिला प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। निरीक्षण में पांच अन्य केंद्रों पर धान खरीद शुरू नहीं मिली।
शासन ने जिले में बीते दो नवंबर से धान खरीद शुरू करने का आदेश दिया था। विपणन शाखा जिले के सभी धान खरीद क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, झलना, किसानों के बैठने और पानी पीने समेत अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर लेने का कागजी दावा किया था। बुधवार को डीएम एस. राजलिंगम धान खरीद की जानकारी लेने के लिए निकले। साधन सहकारी समिति अलीगंज में पीसीएफ के बनाए गए धान खरीद केंद्र पर डीएम को ताला लटकता मिला। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी स्वदेश कुमार गौतम के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मामले में डीएम ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक रोहित गुप्त से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने अमहट मंडी परिसर में एफसीआई व कर्मचारी कल्याण निगम के धान खरीद केंद्र, विपणन शाखा के दूबेपुर धान खरीद केंद्र और पीसीएफ के नरही व कटका खानपुर के धान खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया। इन सभी केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है। डीएम ने डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार को आदेश दिया है कि वे धान क्रय केेंद्रों से संबंधित सभी जिला समन्यवकों/प्रबंधकों की बैठक एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में बुलाएं और यह सुनिश्चित करें कि धान क्रय केंद्र समय से खुले व किसानों से धान की खरीद की जाए।
उन्होंने सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने संबंधित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करके सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लें। क्रय केंद्रों पर कांटा, नमी मापक यंत्र, बोरे व धनराशि और किसानों की सुविधा के लिए पेयजल व छाए की व्यवस्था होनी चाहिए। निरीक्षण में संयुक्त मजिस्ट्रेट पवन अग्रवाल, विपणन निरीक्षक ज्ञानचंद्र वर्मा, जिला सूचना अधिकारी आरबी सिंह मौजूद रहे।