सुल्तानपुर। सात साल से कम सजा वाले विभिन्न अपराध के मुकदमों में वांछित बंदियों की रिहाई को लेकर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक हुई। दीवानी न्यायालय में जिला जज की अध्यक्षता में हुई बैठक में विचाराधीन बंदियों की रिहाई पर चर्चा की गई।
उच्चतम न्यायालय व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर रविवार को जिला जज तनवीर अहमद के विश्राम कक्ष में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक हुई। बैठक में जिला जज ने मजिस्ट्रेट व अधिकारियों के साथ सात साल से कम सजा वाले विभिन्न अपराध के मुकदमों में जेल में बंद विचाराधीन बंदियों को अंतरिम जमानत व पैरोल पर रिहा करने पर चर्चा की।
प्राधिकरण की बैठक में सुप्रीम कोर्ट से पारित बंदियों से संबंधित अन्य आदेशों पर विचार विमर्श किया गया। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सतीश कुमार मगन के मुताबिक बैठक में डीएम सी. इंदुमती, एसपी शिवहरी मीणा, अमेठी एसडीएम, अमेठी एएसपी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरीश कुमार व जिला कारागार अधीक्षक अमिता दुबे मौजूद रहीं।