सुल्तानपुर। 69,000 शिक्षक की भर्ती के लिए काउंसिलिंग कराने के लिए बड़ी संख्या में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थी बुधवार सुबह से ही जीजीआईसी कैंपस के आसपास जुटे थे। काउंसलिंग शुरू हो गई थी। अभ्यर्थियों में भारी उत्साह दिख रहा था।
तभी शिक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट के स्टे की खबर फैल गई। इससे अभ्यर्थियों व उनके परिवारीजनों में निराशा फैल गई। अभ्यर्थी व उनके परिवारीजन ताजा अपडेट लेने की कोशिश करते देखे गए। हालांकि इस दौरान शासन से कोई नया आदेश नहीं मिलने के कारण काउंसलिंग प्रक्रिया चलती रही। दोपहर आते ही काउंसिलिंग स्थगित कर दी गई।
मंगलवार को शाम छह बजे महानिदेशक स्कूूली शिक्षा विजय किरन आनंद की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद शेड्यूल बदला गया। उसके पहले 1570 आवंटित पदों में से तीन व चार जून को काउंसलिंग और पांच व छह जून को विकल्प काउंसलिंग कराया जाना था। डीजी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद विकल्प काउंसलिंग व नियुक्ति पत्र वितरण का शेड्यूल हटा दिया गया। इसके बाद तीन से छह जून तक काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित की गई।