सुल्तानपुर। जयसिंहपुर ग्राम पंचायत में बनी निशुल्क डिजिटल लाइब्रेरी की सभी सीटें भर गई हैं। जगह के अभाव में विद्यार्थियों को लौटना पड़ रहा है। इसे देखते हुए ग्राम पंचायत अब लाइब्रेरी की सीटें बढ़ाने की योजना बना रही है, जिसकी शासन में भी सराहना हुई है।
जयसिंहपुर की ग्राम पंचायत में नौ लाख रुपये से यह डिजिटल लाइब्रेरी बनी है। माध्यमिक और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न लेखकों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। शिक्षा के लिए एलईडी और कंप्यूटर भी लगाए गए हैं। ग्राम पंचायत सचिव मनीष सिंह ने बताया कि लाइब्रेरी में एसी भी लगी है। यहां 50 विद्यार्थियों के बैठने के लिए टेबल और कुर्सियां हैं। सभी सीटें फुल होने से विस्तार की योजना बन रही है। प्रशासक सुनील कुमार के अनुसार, लाइब्रेरी सुबह करीब आठ बजे से रात सात बजे तक संचालित होती है। रात में गश्त के बाद कुछ पुलिस कर्मी भी यहां तैयारी करते हैं, जिससे लाइब्रेरी सुरक्षित रहती है।
अच्छी सुविधा मिल रही
छात्रा अनामिका सैनी ने बताया कि लाइब्रेरी में पढ़ाई की अच्छी सुविधा मिल रही है। तान्या के अनुसार, आसपास पहले कोई लाइब्रेरी नहीं थी, जिससे कोचिंग का ही सहारा था। शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि अब कोर्स के अलावा अन्य लेखकों की पुस्तकें भी पढ़ने को मिल रही हैं। देवेश ने कहा कि वे शाम को रोज पढ़ने आते हैं और कंप्यूटर भी सीख रहे हैं।
शासन ने की सराहना
जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि प्रमुख सचिव पंचायतीराज ने जयसिंहपुर की इस डिजिटल लाइब्रेरी को प्रदेश के ग्रुप में साझा किया है। उन्होंने इसकी सराहना की है। लाइब्रेरी से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मौका मिला है। विद्यार्थी तैयारी करके रोजगार पा सकेंगे।