सुल्तानपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को जिले के बाजारों में धनवर्षा होने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल, सराफा, मोबाइल और बर्तन कारोबारियों को मिलाकर 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। सोने-चांदी के सिक्कों और हल्के आभूषणों से लेकर दोपहिया वाहनों तक की बुकिंग ने व्यापारियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजारों में रौनक बढ़ गई है।
धनतेरस से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को चौक, सब्जी मंडी, शाहगंज चौराहा, जीएन रोड और बढ़ैयावीर में दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी रही। सड़क किनारे अस्थायी दुकानों पर मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, लाई-चूरा और सजावटी सामान बिकने लगे हैं। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर स्वदेशी झालरों की मांग है। मोबाइल दुकानों पर भी ग्राहक ऑफर और ईएमआई की जानकारी लेते नजर आए।
सोने-चांदी के दाम में गिरावट से सराफा बाजार में खरीदारी का उत्साह बढ़ा है। सराफा शोरूम के मालिक विनोद गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों ने हल्के वजन के आभूषणों और सोने-चांदी के सिक्कों की बुकिंग कराई है। धनतेरस पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
कपड़ा व्यापारी मनमीत सिंह ने बताया कि कपड़ों के दाम लगभग स्थिर हैं। कुछ फैंसी कपड़ों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। ग्राहकों की पसंद और बदलते फैशन के अनुसार नए डिजाइन मंगाए गए हैं। बर्तन व्यापारी अनिल कुमार के मुताबिक, बर्तनों की कीमतों में खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन तांबे के बर्तन कुछ महंगे हुए हैं।
मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट हैंपर की मांग
दिवाली पर मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स के आकर्षक गिफ्ट हैंपर ग्राहकों को लुभा रहे हैं। संचालक राजन गुप्ता ने बताया कि प्रतिष्ठान में देसी घी, खोवे और छेने से बनी पारंपरिक मिठाइयों की कई किस्में उपलब्ध हैं। चीनी महंगी होने के बावजूद मिठाइयों के दाम स्थिर रखे गए हैं।
1000 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी का अनुमान
धनतेरस पर जिले में करीब 1000 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी होने की उम्मीद है। रतनदीप हीरो के एमडी दीपक जैन ने बताया कि इस बार ऑटोमोबाइल बाजार में तेजी है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए वाहन कारोबारियों में उत्साह है।
स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी पर जोर
शहर के निरालानगर की मंजू सागर कसौधन ने मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित फूलमालाएं और खिलौने खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया। आवास विकास कॉलोनी की मुस्कान ने पूजा सामग्री, मिठाई और रंगोली के स्थानीय उत्पाद खरीदे। वहीं वैशाली गुप्ता ने चाइनीज झालरों के बजाय मिट्टी के दीये, तेल-बाती और स्थानीय पूजन सामग्री खरीदने की अपील की।