शारदीय नवरात्र पर मां के विभिन्न रूपों की पूजा-अर्चना के साथ ही अब श्रद्धालुओं का रुझान दुर्गा पूजा पंडालों की ओर बढ़ रहा है। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए हैं। शाम होते ही इन पंडालों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। शनिवार को भक्तों ने मां के पंचम स्वरूप स्कंदमाता की पूजा की।
शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन मां दुर्गा के पंचम स्वरूप स्कंदमाता की पूजा-अर्चना की गई। शनिवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ दुर्गन भवानी, अहोरवा भवानी और माता मवई धाम मंदिर में भोर चार बजते ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। मंदिर का द्वार खुलते ही श्रद्धालुओं ने जयकारा लगाते हुए माता के दर्शन किए। शारदीय नवरात्र के चार दिन व्यतीत होते ही क्षेत्र में सजाए गए दुर्गा पूजा पंडालों की रौनक लौट आई है। यहां शाम ढलते ही तरह-तरह की लाइटें जगमगाने लगती हैं। हर रात इन पंडालों पर आयोजकों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है।