कूरेभार (सुुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के पुरखीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार रात रोडवेज बस और श्रद्धालुओं से भरी एसयूवी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एसयूवी सवार पिता-पुत्र समेत सात श्रद्धालु घायल हो गए।
घायलों को कूरेभार सीएचसी ले गए जहां पुत्र की मौत हो गई। छह अन्य घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी श्रद्धालु अयोध्या जा रहे थे।
झारखंड के रांची के रसदा बलकुदरा पतुरातू निवासी दिनेश साहू (54), उनका पुत्र सोनू साहू (30), अंजू (50), कौशिल्या देवी (35), उर्वशी (35), अशोक साहू (40), प्रदीप साहू (55) बृहस्पतिवार को प्रयागराज में कुंभ स्नान के बाद एसयूवी से अयोध्या जा रहे थे। रास्ते में कूरेभार क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर पुरखीपुर गांव के पास सामने से आ रही बस्ती डिपो की बस से उनकी एसयूवी टकरा गई।
दुर्घटना में एसयूवी सवार सोनू, उनके पिता दिनेश साहू, अंजू, कौशिल्या, उर्वशी, अशोक व प्रदीप साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी, कूरेभार ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, अन्य सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर रेफर कर दिया। घायल प्रदीप व अशोक साहू की हालत नाजुक बताई जा रही है। कूरेभार थानाध्यक्ष शारदेंदु दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।