सुल्तानपुर। जिले के दंत रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मेडिकल कॉलेज की दंत इकाई अब आधुनिक मशीनों से लैस हो गई है, जिससे दांतों की सर्जरी और अन्य जटिल उपचार यहीं संभव हैं। अब तक जिन मरीजों को मामूली से जटिल मामलों में भी लखनऊ भेजा जाता था, उन्हें जिले में ही इलाज मिलने लगा है। दांत के रोगियों को इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
दंत इकाई में फिलिंग इंस्ट्रूमेंट्स, कटिंग मोटर, अल्ट्रासोनिक स्केलिंग मशीन, एक्स-रे व्यू, डेंटल चेयर, हैंडपीस-बर्स जैसी प्रक्रियाओं के लिए आधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। इनकी मदद से दांत भरना, सफाई, जटिल दांत निकालना और हड्डी में फंसे दांत की सर्जरी आसानी से हो रही है।
अप्रैल 2023 में जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज के अधीन आने के बाद से दंत सेवाओं का विस्तार हुआ है। इकाई में एसोसिएट प्रोफेसर अंकित गंगवार, असिस्टेंट प्रोफेसर ज्योत्सना अग्रवाल और सीनियर रेजीडेंट तन्वी तैनात हैं। ओपीडी में रोजाना 70 से 80 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। शिवगढ़ के शिवराम चौरसिया को दांत में संक्रमण का इलाज यहीं मिला, जबकि सुरजीपुर के रोहित कनौजिया को सर्जरी की सलाह दी गई।
जल्द शुरू होगा रूट कैनाल ट्रीटमेंट
प्रभारी प्राचार्य प्रियांक वर्मा ने बताया कि इकाई में सभी आवश्यक मशीनें उपलब्ध हैं। जल्द ही रूट कैनाल उपचार की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। इससे मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका समय और पैसा दोनों बचेगा।