अमेठी। पिछले सप्ताह शुरू हुई सर्दी के बीच रविवार से कोहरे का सितम शुरू हो गया। रविवार सुबह से दोपहर तक छाए घने कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
कोहरे से तकरीबन सभी ट्रेनें भी विलंब से संचालित हुईं। रात से ही पड़े कोहरे में सुबह घर से बाहर निकलने वाले अलाव खोजते नजर आए। हालांकि दोपहर बाद खुली धूप ने लोगों को कुछ राहत दी।
दिसंबर माह में हुई बेमौसम बरसात के साथ शुरू हुई ठंड रविवार से कोहरे व धुंध के रूप में तब्दील हो गई। सर्दी के साथ कोहरे व धुंध के बढ़ते सितम का आलम यह रहा कि रविवार को लोग रजाई में दुबके रहे।
मजबूरी में घर छोड़ने की हिम्मत जुटाने वाले रास्ते में अलाव तलाशते नजर आए। कोहरे की चादर से पांच कदम से ज्यादा दिखाई नहीं पड़ रहा था। कोहरे की वजह से टपकने वाला पानी बड़े वाहन चालकों की मुश्किल में इजाफा करता रहा।
ट्रेनों के विलंब से चलने की वजह से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। रविवार को लखनऊ-प्रयाग पैसेंजर तीन घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे के साथ अन्य ट्रेनों का संचालन विलंब से हुआ।
घर से निकलने वाले लोग सार्वजनिक स्थलों मसलन जिला अस्पताल, बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर अलाव के सामने नजर आए। हालांकि दोपहर बाद निकली धूप ने लोगोें को ठंड से कुछ राहत जरूर दी।