जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। कुड़वार ब्लॉक के नौगवांरायतासी गांव में एक युवक डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। युवक का उपचार केजीएमयू लखनऊ में चल रहा है। केजीएमयू की रिपोर्ट मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। शनिवार को एसीएमओ ने गांव में चिकित्सकों की टीम भेजकर अन्य लोगों की जांच का आदेश दिया है।
स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव में दवा का छिड़काव भी किया है। कुड़वार ब्लॉक के नौगवांरायतासी निवासी राधेश्याम (40) कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। परिवारीजन उसे लेकर तीन दिन पहले जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रेफर कर दिया था।
परिवारीजन राधेश्याम को लेकर केजीएमयू पहुंचे, जहां जांच में राधेश्याम डेंगू पॉजीटिव पाया गया। शुक्रवार को केजीएमयू प्रशासन ने इसकी रिपोर्ट सीएमओ सुल्तानपुर को भेजी थी। नौगवांरायतासी गांव में डेंगू का मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार को एसीएमओ डॉ. राम आसरे ने चिकित्सकों की एक टीम गठित कर गांव भेजी है।
एसीएमओ डॉ. राम आसरे ने बताया कि केजीएमयू की शुक्रवार को रिपोर्ट मिली है। रिपोर्ट में कुड़वार के नौगवांरायतासी गांव में राधेश्याम डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। शनिवार को गांव में चिकित्सकों की टीम जांच के लिए भेजी गई है। स्वास्थ्य कर्मियों को गांव भेजकर दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। सीएचसी व पीएचसी पर सभी चिकित्सकों को अलर्ट किया गया है।
डेंगू के लक्षण
-तेज बुखार, बदन दर्द, जोड़ों में दर्द व शरीर पर चक्कते पड़ जाते हैं।
-दांत, मुंह, नाक से खून आने लगता है।
-रक्त की जांच में प्लेटलेट्स एक लाख से कम होने लगती है।
-डेंगू डाइबिटीज, सांस के रोगियों व कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वालों के लिए खतरनाक होता है।
बचाव के उपाय
-छतों पर टायर व पुराने बर्तनों में जलभराव न होने दें।
-कूलर आदि का पानी समय-समय पर बदलते रहे।
-घर के बगल गड्ढों व खाली प्लाटों में जलभराव न होने दें।
-जल भराव वाले स्थलों पर जले हुए मोबिल, मिट्टी का तेल कुछ मात्रा में डाल दें।