अराजकतत्वों के गुस्से देख कर्मी भाग खड़े हुए। जानकारी मिलने पर सुबह पहुंचे जेई व एसडीओ ने उपकेंद्र का निरीक्षण किया। बाद में जेई ने अराजकतत्वों पर केस दर्ज कराने के लिए कुड़वार थाने में तहरीर दी है।
बिजली की मांग को लेकर गुुरुवार रात दर्जनों ग्रामीण असरोगा उपकेंद्र पहुंच गए। ग्रामीण कटौती की जानकारी लेते हुए तुरंत आपूर्ति शुरू करने की मांग करने लगे।
बार-बार कटौती से आजिज ग्रामीणों को सटीक जानकारी नहीं मिलने पर उनका गुस्सा बढ़ गया। ग्रामीणों ने दोनों संविदा कर्मियों से अभद्रता करते हुए उपकेंद्र पर मौजूद रजिस्टर फाड़ डाला। इतने पर भी गुस्सा नहीं थमा तो ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
ईंट व लाठी-डंडे से उपकेंद्र के पैनल का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों का तांड़व देख उपकेंद्र पर मौजूद कर्मी भाग खड़े हुए और घटना की सूचना जेई व एसडीओ को दी। सूचना पर शुक्रवार की सुबह पहुंचे एसडीओ अंकुर अवस्थी व जेई आनंद कुमार वने उपकेंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद जेई ने कुड़वार थाने में अराजकतत्वों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ अंजुल कुमार ने बताया कि जेई की तहरीर मिली है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
एसडीओ अंकुर अवस्थी ने बताया कि उपकेंद्र से बिजली कटौती नहीं की गई थी। कटौती 220 केवीए उपकेंद्र पयागीपुर से की गई थी। रोस्टर के खिलाफ ग्रामीण बिजली की मांग कर रहे थे, जो वितरण खंड स्तर से संभव नहीं है।