सुल्तानपुर। चुनावी रंजिश में छह वर्ष पूर्व हुई हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश लक्ष्मीकांत शुक्ल की अदालत में बीते शुक्रवार को बहस पूरी होने के बाद आदेश सुरक्षित कर लिया गया है। जिला जज ने मामले में फैसले के लिए 10 जून की तारीख नियत की है।
अमेठी जिले के जामो थाने के अमरबोझा बरौलिया निवासी नरेंद्र बहादुर सिंह ने 25 मई 2019 की रात करीब 11:30 बजे हुई घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप के मुताबिक, वादी के छोटे भाई सुरेंद्र प्रताप सिंह बरामदे में सोए थे। बगल में भतीजा अनुराग व अभय भी सोए हुए थे। इसी बीच गोली मारकर आरोपियों ने सुरेंद्र प्रताप की हत्या कर दी।
बरौलिया निवासी वसीम व उसके भाई नसीम, सह आरोपी धर्मनाथ गुप्ता, तत्कालीन बीडीसी राम चंद्र व पीढ़ी फुरसतगंज निवासी गोलू के खिलाफ केस दर्ज हुआ। इस मामले का विचारण जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रहा है। एक सप्ताह तक दोनों पक्षों की बहस की कार्रवाई चली। अदालत में बहस सुनकर मामले में फैसले के लिए मंगलवार का दिन तय किया है।