सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, एक चिकित्सक व एक असिस्टेंट प्रोफेसर की मौत हो गई। अपर मुख्य अधिकारी संक्रमण से उबरने के बाद अस्पताल से घर लौटे थे। अन्य दो का इलाज चल रहा था।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी उदयशंकर सिंह (53) पिछले दिनों कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे। संक्रमण की चपेट में आने पर उनका लखनऊ में केजीएमयू में इलाज चल रहा था। पिछले दिनों संक्रमण से उबरने के बाद वे लखनऊ स्थित आवास पर विश्राम कर रहे थे। मूलत: वाराणसी जनपद के निवासी अपर मुख्य अधिकारी का शुक्रवार को अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिला पंचायत समेत जिले के अधिकािरियों में शोक छा गया। अधिकारियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।
जिले के नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. एमजे शर्मा का शुक्रवार को लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। डॉ. एमजे शर्मा काफी दिनों तक जिला अस्पताल में भी सेवारत रहे। सेवानिवृत्ति के बाद वे शहर में ही रहकर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन पर चिकित्सकों ने शोक जताया है। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से गनपत सहाय पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राकेश सिंह का शनिवार को निधन हो गया। कुड़वार क्षेत्र के नौगवांतीर गांव निवासी डॉ. राकेश सिंह आयोग से कॉलेज में नियुक्त हुए थे। उनके निधन पर गनपत सहाय पीजी कॉलेज में शोकसभा का आयोजन हुआ। प्रबंधक, प्राचार्य समेत शिक्षकों ने शोक जताया है।