सुल्तानपुर। शहर से सटे पयागीपुर चौराहे के पास मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और दामाद घायल हो गए।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अभियाकलां निवासी रामानंद (48) मंगलवार की सुबह अपनी पत्नी रूपवती और दामाद अनिल कुमार (28) निवासी पखरौली के साथ बाइक से मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
तीनों कोतवाली नगर क्षेत्र के पयागीपुर चौराहे के पास पहुंचे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में रामानंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी रूपवती व दामाद अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।