विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। कनकपुर शिकवा गांव में बुधवार की सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिला। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के कनकपुर शिकवा मजरे ऐंजर गांव निवासी धर्मराज प्रजापति (38) प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात खाना खाकर घर के कमरे में सोया था। बुधवार की सुबह लगभग छह बजे परिवारीजन सो कर उठे तो देखा कि धर्मराज का शव फंदे से लटका हुआ है। धर्मराज की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
परिवारीजनों की सूचना पर एसओ अमरेंद्र सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता चलेगा।