अखंडनगर (सुल्तानपुर)। दहलवा गांव में तीन दिनों से घर से लापता एक युवक का शव बाग में फंदे के सहारे लटकता पाया गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में ले लिया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के दहलवा गांव निवासी बसंत कुमार (22) पुत्र राधेश्याम पिछले रविवार की दोपहर से घर से लापता था। परिवारीजन बसंत की खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बुधवार की दोपहर खेत गए ग्रामीणों को बाग में बसंत का शव फंदे के सहारे एक पेड़ से लटकता मिला।
देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पहुंचे थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।