कादीपुर (सुल्तानपुर)। बरात से लौट रही डीसीएम रविवार की रात पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में 20 बराती घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण सभी को अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अंबेडकरनगर जिले के महरुआ थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव के मधई के बेटे मोनू की बरात कादीपुर कोतवाली के कटसारी गांव में सभाजीत के घर आई थी। रात करीब दो बजे एक डीसीएम से 20 बराती घर लौट रहे थे। गांव की सड़क पर पहुंचने पर डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में वाहन पर सवार 20 बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना में उत्कर्ष (15) निवासी मानिकपुर अंबेडकरनगर, बाबूलाल (55) निवासी बसईपुर, राज (8), दिवाकर (10), राजन (16), दीपक (24), रंजीत (18), संदीप (23), अतुल (15), शुभम (25), नागेश्वर (21), सूर्यभान (25), मायाराम (45), गोविंद (21), अंश (14), सचिन (30), घिसियावन (60), पंकज (30) व दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चिकित्सक ने बताया कि सभी घायलों को अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया है। प्रभारी कोतवाल अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।