कूरेभार (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार की सुबह कूरेभार थाना क्षेत्र में रोडवेज बस में मिनी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से मिनी ट्रक उसी में घुसकर फंस गया। मौके पर ही मिनी ट्रक के चालक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने रोडवेज से ट्रक को अलग करवाते हुए चालक को पुलिस के सुपुर्द किया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मऊ जिले के दोहरीघाट निवासी राजबहादुर सिंह मऊ जिले के लिए लखनऊ से सोमवार सुबह रोडवेज बस लेकर जा रहे थे। इसी बीच कूरेभार थाना क्षेत्र के किमी 121 जूड़ापट्टी के पास रोडवेज बस जैसे ही कुछ सवारियों को उतार कर आगे बढ़ीभ्तभी पीछे से तेज रफ्तार से आए मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। तेज टक्कर से दोनों गाड़ियां आपस में फंस गई। इसी में ट्रक चालक उसमें फंस गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस व यूपीडा कर्मियों ने दोनों वाहनों को अलग कराते हुए शव को किसी तरह निकलवाया। पुलिस ने छानबीन के बाद ट्रक चालक की पहचान निजाम (42) निवासी शोभापुर थाना दरियाबाद जिला बाराबंकी के रूप में की। पुलिस ने शव को गाड़ी से निकाल कर मृतक के घर वालों को सूचना भेजी है। साथ ही शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाने के उप निरीक्षक परमात्मा सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।