धम्मौर। सहकारी समितियों पर डीएपी खाद नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। धम्मौर, लौहर पश्चिम, भाईं और दूबेपुर समितियों पर खाद के लिए पहुंच रहे किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
गेहूं, आलू, सरसों और चना की बोआई का समय चल रहा है, लेकिन समितियों पर ताला लटकने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों का कहना है कि बोआई के इस अहम समय में खाद न मिलने से फसल पिछड़ने का डर सता रहा है। मजबूरी में किसान निजी दुकानों से अधिक दाम पर डीएपी खाद खरीद रहे हैं। उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। किसान राधेश्याम, ननकू, मनोज, हृदयराम और संतराम ने बताया कि समितियों पर कई दिनों से खाद नहीं आई है। रोज चक्कर लगाने के बाद भी खाद नहीं मिल रही है।
निजी दुकानदार मनमाना दाम वसूल रहे हैं, लेकिन किसान बोआई रोक भी नहीं सकते। किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि सभी सहकारी समितियों पर जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय से बोआई हो सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ल ने बताया कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाकर चेकिंग की जा रही है।