कादीपुर (सुल्तानपुर)। बागसराय गांव के पास लाइनमैन के साथ हाईटेंशन लाइन की फॉल्ट ठीक कर रहे दिहाड़ी मजदूर को करंट लग गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने सरकारी लाइनमैन की पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने सरकारी लाइन मैन को बचाते हुए मृतक युवक के परिवारीजनों को भी धुन दिया। मारपीट में दो लोग घायल हो गए।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मृतक का शव लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम ने मृतक के परिवारीजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने के साथ ही घटना में दोषी लाइन मैन के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। करीब पांच घंटे बाद लोग शांत हुए।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा पट्टी (नारायन पारा) निवासी अवधेश प्रसाद गुप्ता (35) पुत्र हरिप्रसाद गुप्ता कादीपुर विद्युत उपकेंद्र पर दिहाड़ी पर बिजली ठीक करने का काम करता था। मंगलवार की शाम क्षेत्र के बागसराय (लाला की बाग) के पास हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने की वजह से क्षेत्र में बिजली नहीं आ रही थी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे कादीपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन काशीनाथ गुप्ता बाइक से अवधेश प्रसाद के घर पहुंचा और उसे साथ में बैठाकर बागसराय के पास फॉल्ट ठीक करने के लिए गया।
दोनों बागसराय गांव के बाहर बाग में पोल के पास पहुंचे थे। काशीनाथ गुप्ता ने अवधेश प्रसाद को शटडाउन लेने की बात कहते हुए उसे पोल पर फॉल्ट ठीक करने के लिए चढ़ा दिया। अवधेश प्रसाद गुप्ता फाल्ट ठीक कर ही रहा था कि अचानक सप्लाई चालू हो गई और अवधेश प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। अवधेश की मौत की सूचना जैसे ही उसके घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। अवधेश का भतीजा सर्वजीत व अमनदीप परिवारीजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गया। अवधेश के परिवारीजनों ने लाइनमैन काशीनाथ की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान बागसराय गांव के कुछ लोगों ने लाइनमैन को बचाते हुए सर्वजीत और अमनदीप की पिटाई कर दी।