सुल्तानपुर। बेथरा गांव में सोमवार की रात एक घर में चोरी करने घुसे तीन चोरों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। ग्रामीणों ने तीनों की जमकर पिटाई की और उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बेथरा गांव निवासी नसीम सोमवार की रात भोजन के बाद सपरिवार सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे घर में खटपट की आवाज पर नसीम ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव वाले वहां पहुंच गए और पूरे घर को घेर लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने घर में घुसे तीन चोरों को पकड़ लिया। तीनों चोरों के पास से चोरी में प्रयुक्त होने वाला सामान भी मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों की जमकर पिटाई की। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तीनों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
एसओ दोस्तपुर विजय सिंह ने बताया कि चोरों की पहचान यूसुफ, इरशाद निवासी फिरोजपुर खुर्द और नीरज निवासी बभनइया पश्चिम थाना दोस्तपुर के रूप में की गई है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।