अमहट स्थित सीटी स्कैन सेंटर पर पसरा सन्नाटा
अमहट (सुल्तानपुर)। ट्राॅमा सेंटर में लगी सीटी स्कैन मशीन शनिवार को फिर खराब हो गई। बृहस्पतिवार को ही इंजीनियरों ने मशीन की कमी ठीक कर सेवा चालू की थी। तकनीकी खराबी के चलते जांच सेवा बंद होने से सोमवार को भी मरीजों को वापस लौटना पड़ा।
अमहट स्थित सीटी स्कैन सेंटर का संचालन बीते पांच नवंबर से सॉफ्टवेयर खराब होने के चलते बंद था। बृहस्पतिवार को इंजीनियरों ने मशीन की खराबी दूर कर संचालन शुरू कराया था। उसके बाद शुक्रवार को 55 व शनिवार को 45 लोगों की सीटी स्कैन जांच हुई। अचानक शनिवार की शाम को मशीन खराब हो गई। काफी मशक्कत के बाद भी मशीन का संचालन शुरू नहीं हो सका। मशीन खराब होने की जानकारी कंपनी के इंजीनियरों को दी गई है। सीटी स्कैन सेंटर प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि मशीन चलते-चलते खराब हो गई है। इंजीनियरों के आने के बाद ही मशीन ठीक हो सकेगी।