डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। त्रिसुंडी सीआरपीएफ कैंप में तैनात जवान समेत दो लोगों मे डेंगू की पुष्टि हुई है। सीआरपीएफ जवान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि दूसरे युवक का प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है।
अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र में स्थित त्रिसुंडी सीआरपीएफ कैंप में तैनात जवान सुरेश कुमार (30) पुत्र विशाल राम निवासी अलीगढ़ दो दिनों से बुखार से पीड़ित था। सोमवार को साथी जवानों ने उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर में चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक की सलाह पर जवान की हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। पुष्टि होने पर जवान को जिला अस्पताल के पेंइंग वार्ड में भर्ती कराया गया है।
दूसरी तरफ गोसाईगंज थाना क्षेत्र के हयातनगर निवासी राम प्रवेश शर्मा (32) पुत्र घनश्याम शर्मा तीन दिनों से बुखार से पीड़ित था। सोमवार को राम प्रवेश ने चिकित्सक को दिखाया। राम प्रवेश की जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर परिवारीजनों ने उसे प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।