सुल्तानपुर। लंभुआ क्षेत्र के एक गैंगस्टर की संपत्ति रविवार को कुर्क कर ली गई। अलग-अलग स्थानों से कुर्क की संपत्ति की कीमत 74 लाख रुपये बताई गई। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि गैंगस्टर ने उक्त संपत्ति अपराध करके अर्जित की थी।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम लंभुआ ने पुलिस बल की मौजूदगी में रविवार को की। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भरखरे गांव निवासी राम बहादुर सिंह पर उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत लंभुआ में केस दर्ज किया गया था। रामबहादुर सिंह पर आरोप था कि उसने अपराध से लाखों रुपये की संपत्ति बनाई है। पुलिस की जांच के बाद अर्जित संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कुर्क करने का आदेश दिया है। डीएम के आदेश पर रविवार को एसडीएम लंभुआ ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियुक्त रामबहादुर की शिवगढ़ चांदा, घरियामऊ चांदा, दरियापुर मीरानपुर, घासीगांव, पयागीपुर वार्ड और नारायनपुर में स्थित मकान और प्लाट को कुर्क कर लिया। इस संपत्ति की कीमत करीब 74 लाख रुपये बताई गई है। अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।