अवैध निर्माण हटाती संयुक्त टीम।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से किए गए निर्माण पर कई जगह प्रशासन का बुलडोजर गरजा। हलियापुर में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को कोर्ट के आदेश पर हरकत में आए प्रशासन ने अतिक्रमण को ढहाया। उधर लंभुआ के पठखौली गांव में रविवार को जेसीबी लगाकर अवैध कब्जे को गिराया गया। दोनों स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने सरकारी जमीन खाली कराई।
हलियापुर के झुरहु का पुरवा में खलिहान की भूमि पर किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। अवैध कब्जे हटाकर जमीन खाली कराने के बारे में गांव के जगन्नाथ ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने उच्च न्यायालय लखनऊ बेंच में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में कोर्ट की ओर से जारी आदेश के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम बल्दीराय को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। रविवार को तहसीलदार ने हलियापुर थानाध्यक्ष अजय द्विवेदी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ जेसीबी से खलिहान की भूमि पर किए गए निर्माण व छप्पर को गिरवा दिया।
लंभुआ क्षेत्र के पठखौली गांव में खलिहान भूमि पर किए गए कब्जे को राजस्व कर्मियों ने शनिवार को देर शाम गिराया। इस अतिक्रमण की शिकायत भी स्थानीय लोगोें ने की थी। एसडीएम महेंद्र श्रीवास्तव के निर्देश पर राजस्व व पुलिस कर्मियों ने खलिहान की भूमि पर किए गए कच्चे व पक्के निर्माण को जेसीबी से गिरा दिया। एसडीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।