बरेहटी गांव के पूर्व प्रधान को बुधवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के पीछे चुनावी रंजिश का मामला बताया जा रहा है।
जामों थाना क्षेत्र के बरेहटी गांव के पूर्व प्रधान राम सिंह (55) पुत्र राम महेश सिंह मुसाफिरखाना कस्बे में मकान बनाकर सपरिवार रहते हैं। बुधवार की देर शाम करीब सात बजे रामसिंह बाइक से गांव बरेहटी जा रहे थे। रास्ते में मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के अनखरा पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। जब तक पूर्व प्रधान कुछ समझ पाते बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी।
गोली लगते ही पूर्व प्रधान बाइक से नीचे गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना जामों व मुसाफिरखाना पुलिस को देते हुए उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पूर्व प्रधान को जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। परिवारीजन रामसिंह को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना पाते ही जामों थानाध्यक्ष अरविंद तिवारी व मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की। घटना के पीछे चुनावी रंजिश का मामला प्रकाश में आया है। बरेहटी गांव के लोगों की मानें तो पूर्व प्रधान रामसिंह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। एसओ जामों ने बताया कि गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।