पति से आए दिन हो रही कहासुनी से तंग एक गर्भवती महिला ने अपने दो वर्षीय मासूम बेटे के साथ आत्मदाह कर लिया। मां-बेटे की आग से जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंचे नायब तहसीलदार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के बाद से पति फरार है।
अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के रोशनगढ़ निवासी सभाजीत की पुत्री आरती (25) की शादी कोतवाली नगर क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी के 29 नंबर ब्लॉक के कमरा नंबर 342 निवासी हरिलाल के बेटे अजय चौहान के साथ हुई थी। शादी के बाद आरती को दो वर्षीय बेटा अभय था। मौजूदा समय में आरती आठ माह के गर्भ से थी। बुधवार की रात आरती और अजय चौहान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
रात करीब साढ़े 11 बजे आरती ने अपने दो वर्षीय बेटे अभय के साथ कमरे में आग लगा ली। चीख-पुकार के बाद जब तक कॉलोनी वाले पहुंचे मां-बेटे की मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। गर्भवती मां और मासूम बेटे की मौत से कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया। बृहस्पतिवार की सुबह नायब तहसीलदार बृजेंद्र उपाध्याय, सीओ सिटी नवीना शुक्ला ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा कराया।
इस बाबत गभड़िया चौकी इंचार्ज एफआर खान ने बताया कि घटना के बाद से ही पति फरार है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।