जुड़ारा गांव में शनिवार सुबह खेत का मेड़ बांध रही एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद एएसपी फॉरेंसिक टीम के साथ स्पॉट पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से रक्त का नमूना लिया है।
घटना के पीछे जमीनी रंजिश का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के जुड़ारा गांव की रहने वाली माला देवी उर्फ मालती (55) पत्नी स्व. हरिशंकर वर्मा का गांव के ही राम सजीवन वर्मा से पुरानी रंजिश चल रही थी।
शनिवार सुबह माला देवी खेत गई थी। खेत में माला देवी मेड़ बांध रही थी, तभी उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। माला देवी की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद एएसपी प्रद्युम्न सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से नमूना लिया है।
इस बाबत एएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे जमीनी रंजिश का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
दूसरे पक्ष से भी एक की हो चुकी हत्या
जुड़ारा गांव निवासी राम सजीवन वर्मा के बेटे शीतला वर्मा की बीते चार मई 2012 को कोतवाली नगर क्षेत्र के रानीगंज के पास कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या में माला देवी उर्फ मालती का बेटा अवधेश वर्मा व अनिल वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अभी हाल ही में अनिल वर्मा जेल से जमानत पर छूटकर घर आया था कि शनिवार की सुबह उसकी मां का भी कत्ल कर दिया गया।