जिम सीख रही एक युवती के पर्स से एटीएम कार्ड चुराकर जिम संचालक ने छह लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता को जब अकाउंट से रुपये निकल जाने की जानकारी हुई तो उसने संचालक से रुपये वापस करने को कहा। इससे नाराज संचालक ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। पुुलिस ने जिम संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के विवेकनगर निवासी समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला सचिव शरद यादव का भाई सतीश यादव सिविल लाइन स्थित पीडब्ल्यूडी के पास बजरंग हेल्थ सेंटर नाम से जिम चलाता है। जहां शहर के विभिन्न मोहल्लों से महिलाएं व युवतियां जिम सीखने जाती हैं। सिविल लाइन के चर्च कंपाउंड निवासी शिक्षिका ऊषा तिवारी की पुत्री मार्टिना भी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जिम सीखने जाती थी। मार्टिना ने बैंक ऑफ बडौदा की मुख्य शाखा से एटीएम जारी कराया था। एक एटीएम मास्टर कार्ड था, जबकि दूसरा वीजा कार्ड था।
मार्टिना के मुताबिक करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जिम सीखने के दौरान ही उसके पर्स से सतीश यादव ने दोनों एटीएम कार्ड चुरा लिया था। एटीएम चोरी होने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह इलाज के लिए दिल्ली के एम्स चली गई। उपचार के दौरान उसे रुपयों की जरूरत हुई तो वह बैंक से रुपये निकालने पहुंची। तब पता चला कि खाते से छह लाख रुपये पहले ही निकल चुके हैं। बैंक से मार्टिना ने स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि विभिन्न एटीएम से रुपये निकाले गए हैं।
यही नहीं हाल ही में सतीश ने शहर के चौक इलाके में स्थित एक शॉप से मार्टिना के वीजा कार्ड से स्वेप के जरिए रुपये निकाले थे। मार्टिना ने सतीश से जब रुपये वापस मांगना शुरू किया तो उसने उसे जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। मजबूर होकर मार्टिना ने सतीश के खिलाफ शनिवार को कोतवाली नगर में तहरीर दी। इस बाबत नगर कोतवाल वीपी सिंह ने बताया कि सतीश के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।