रिहायशी छप्पर में पटाखा बनाते समय विस्फोट हो गया। विस्फोट से लगी आग की चपेट में आकर महिला समेत चार लोग झुलस गए। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए ट्रॉमा रेफर कर दिया। घायलों को लखनऊ ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
कुड़वार थाने के बेला पश्चिम गांव निवासी मो. ईशा पटाखे का कारोबार करता है। उसके पास महज पटाखा बेचने का लाइसेंस है। इसके बावजूद वह पटाखा बनाने का कार्य करता था। बृहस्पतिवार की सुबह मो. ईशा के घर के सामने स्थित छप्पर में आतिशबाजी का सामान बनाने का काम चल रहा था।
इस काम में घर के लोग लगे थे। तभी अचानक बारूद में विस्फोट हो गया, जिससे छप्पर में आग लग गई। तेज धमाके से गांव के लोगों में दहशत फैल गई। आग से मो. ईशा (40), उनका भांजा इबरार अली (22) व इमरान (18) व उनके छोटे भाई मो. नसीम की पत्नी मुबारकुलनिशां (35) बुरी तरह से झुलस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग को काबू कर गंभीर रूप से झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने चारों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन व रिश्तेदार घायलों को लखनऊ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में मुबारकुलनिशां की मौत हो गई। करीब पांच वर्ष पूर्व इसी गांव के दाउद के घर में भी पटाखा बनाते समय विस्फोट हुआ था। उस घटना में दाउद के पुत्र मंसूर की मौत हो गई थी।