निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान टेबल पर ही एक महिला की मौत हो गई। इससे नाराज परिवारीजनों ने नर्सिंग होम के बाहर हंगामा किया। चिकित्सक पर ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने पति की तहरीर पर दो चिकित्सक समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जगदीशपुर क्षेत्र में सालपुर गांव निवासी राम कुमार की पत्नी शिवकुमारी (32) की बच्चेदानी का ऑपरेशन होना था। परिवारीजनों ने उसे जगदीशपुर स्थित सेहत नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
शुक्रवार देर शाम शिव कुमारी का ऑपरेशन सीएचसी जगदीशपुर में तैनात चिकित्सक विकलेश शर्मा व नर्सिंग होम के चिकित्सक डॉ. परवेज अहमद ने किया। रात करीब आठ बजे ऑपरेशन के दौरान ही शिव कुमारी की ऑपरेशन थियेटर के अंदर टेबल पर मौत हो गई।
शिव कुमारी की मौत के बाद आनन-फानन में दोनों चिकित्सक ऑपरेशन थियेटर से बाहर निकले और चले गए। इस दौरान मौत की जानकारी होते ही परिवारीजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिवारीजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
नर्सिंग होम में हंगामे और मौत की सूचना पाते ही एसओ जगदीशपुर रतन सिंह वहां पहुंचे। एसओ ने परिवारीजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने पति की तहरीर पर डॉ. परवेज अहमद, सीएचसी के चिकित्सक डॉ. विकलेश शर्मा व तीन-चार अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।