देवकली सरैया गांव में पति के शराब पीने को लेकर दंपती में हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। पति-पत्नी के बीच हुई मारपीट में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी का हाथ टूट गया। मंगलवार की सुबह एएसपी ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का मुआयना किया।
कूरेभार थाना क्षेत्र के देवकली सरैया गांव निवासी विजय बहादुर सिंह (35) पुत्र स्व. राज बहादुर सिंह को शराब की लत थी। विजय बहादुर सिंह का आए दिन अपनी पत्नी अनीता सिंह से शराब पीने को लेकर विवाद होता रहता था। मंगलवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे विजय बहादुर बाजार से शराब पीकर घर पहुंचा था। घर में खाना नहीं बना था।
इसे लेकर विजय बहादुर और अनीता में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। अनीता ने घर के आंगन में रखी मुगरी से विजय बहादुर के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर बरामदे में रखी चारपाई पर लेट गया। उसके बाद घायल अवस्था में अनीता कमरे में बच्चों के पास चली गई।
मंगलवार की सुबह विजय बहादुर चारपाई पर मृत मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद एएसपी विनय कुमार सिंह, एसओ कूरेभार केसरी आजाद फॉरेंसिक टीम के साथ देवकली सरैया गांव पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से नमूना लिया। पुलिस ने आंगन में पड़ी मुगरी बरामद कर ली है।
पुलिस अनीता को पूछताछ के लिए थाने लाई। पूछताछ में अनीता ने पति पर मुगरी से प्रहार करने की बात कुबूूल कर ली। एसओ कूरेभार केसरी आजाद ने बताया कि मृतक की बहन लक्ष्मी की तहरीर पर अनीता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मारपीट में अनीता का हाथ टूट गया है।