गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गड़ौरा गांव के पास सोमवार की दोपहर एक बाइक पर सवार युवक समेत तीन लोग वनरोज से टकरा गए। दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक चला रहे युवक ने हेल्मेट नहीं पहना था।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के झुमरी का पुरवा गांव निवासी नक्कू (60) उनकी पत्नी धौरा (57) व रिश्तेदार इजहार (28) निवासी अखंडनगर सोमवार की दोपहर निमंत्रण से बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक इजहार चला रहा था जबकि नक्कू व उनकी पत्नी पीछे बैठी थीं।
इजहार ने हेलमेट नहीं पहना था। रास्ते में गड़ौरा गांव के पास उनकी बाइक के सामने अचानक एक वनरोज आ गया। इजहार बाइक काबू नहीं कर पाया और वे वनरोज से टकरा गए। दुर्घटना में नक्कू व इजहार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि धौरा गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।