इलाके में एक युवती और युवक की हत्या से हड़कंप मच गया। युवती की हत्या के बाद शव को मकरहा खुर्द गांव के समीप सड़क किनारे फेंक दिया गया, जबकि युवक की हत्या कर शव मझुई नदी के किनारे फेंका गया। फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस के अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। ग्रामीण युवती के साथ रेप की आशंका भी जता रहे हैं। युवक के शव की शिनाख्त उसके पिता ने की, जबकि युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के मकरहाखुर्द गांव के लोग मंगलवार की सुबह खेत गए थे। खेत के समीप सड़क किनारे एक युवती का शव पाया गया। युवती के दोनों पैर रस्सी से बंधे थे और कपड़े फटे थे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक युवती की उम्र करीब 28 वर्ष है। दूसरी घटना भी इसी थाना क्षेत्र के बढ़ौली मिशन गांव की है। गांव निवासी राम उजागिर का 20 वर्षीय बेटा बीर बहादुर बीते तीन जुलाई की शाम घर से निकला था।
देर शाम जब वह वापस घर नहीं पहुंचा तब परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। राम उजागिर बेटे की गुमशुदगी की तहरीर लेकर चार जुलाई को थाने पहुंचा लेकिन पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया। मंगलवार की सुबह क्षेत्र के मझुई नदी के किनारे मवेशी चरा रहे लोगों ने एक युवक का शव देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। क्षेत्र में युवक का शव पाए जाने की सूचना के बाद पहुंचे राम उजागिर ने शव की शिनाख्त अपने बेटे के रूप में की।
वीर बहादुर के शरीर पर चोट के निशान थे। राम उजागिर ने बेटे की हत्या की बात कही है। इस बाबत एसओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा।