बहन की शादी का निमंत्रण देने बाइक से निकले चचेरे भाइयों को अनियंत्रित ट्रैक्टर से रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। हादसा धम्मौर थाने के हीरापुर गांव के पास हुआ। चचेरे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
अमेठी जिले के थाना क्षेत्र संग्रामपुर के टीकरमाफी गांव निवासी इकबाल की पुत्री की शादी छह मई को होनी है। इकबाल के छोटे भाई कुद्दूश घर पर रहते है जबकि अन्य भाई व उनका परिवार मुंबई में रहता है। चार दिन पहले परिवार के लोग मुंबई से घर आए थे। रविवार सुबह कुददूश का पुत्र फैजान (18) और छोटे भाई मकबूल का पुत्र सिराज (20) थाना क्षेत्र धम्मौर के गांव बिकना रिश्तेदार के घर शादी का निमंत्रण देने निकले थे।
रास्ते में हारीपुर गांव के पास वे बाइक सड़क के किनारे खड़ी कर लघुशंका कर रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों को रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष धम्मौर धनंजय पांडेय ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।