कोतवाली से दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित राणानगर में सोमवार की रात चोरों ने दो ज्वैलरी शॉप समेत पांच दुकानों का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये कीमत के सामान व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी से नाराज व्यवसायियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। व्यवसायियों ने पुलिस को चोरी का खुलासे करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। अधिकारियों ने फिंगर प्रिंट व डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कादीपुर कोतवाली से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर राणानगर मोहल्ला है। इसी मोहल्ले में दो ज्वैलरी शॉप, एक हार्डवेयर एवं दो कपड़े की दुकान है। सोमवार की रात चोरों ने नवीन ज्वैलर्स की दुकान के शटर का ताला काटकर चार लाख रुपये के जेवरात और ओशो गारमेंट से 70 हजार के कपड़े तथा विजय वस्त्रालय से दो हजार नगदी व अमन स्टोर से 20 हजार की नगदी समेट ले गए। मंगलवार की सुबह दुकान से निकाली गई तिजोरी कस्बे के बगल स्थित बाग में टूटी हालत में मिली। एक के बाद एक पांच दुकानों से हुई चोरी से व्यवसायियों में रोष फैल गया। व्यवसायियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सूचना के बाद पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने फिंगर प्रिंट व डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। व्यवसायियों ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं होगा तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे। इस बाबत कादीपुर कोतवाली के उपनिरीक्षक ऋषि राय ने बताया कि पीड़ित व्यवसायियों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।